उत्तरकाशी। बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के पद सृजित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने जिले के दौरे पर आई राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डा. स्वराज विद्वान को ज्ञापन सौंपा।
प्रशिक्षित बेरोजगारों ने कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में बीपीएड एवं एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगार घूम रहे हैं। बार-बार मांग करने पर भी विद्यालयों में व्यायाम शिक्षकों के पदों पर नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा अनिवार्य करने, प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के पद सृजित कर प्रशिक्षित बेरोजगारों को नौकरी देने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में दिनेश भटवान, वीरेंद्र राणा, रामलाल शाह, दिनेश उनियाल, दुर्गेश भट्ट, बलदेव राणा, कमलेश्वरी, रजनी रावत, रिंकी मटूड़ा और भागेश्वरी आदि प्रशिक्षित बेरोजगार शामिल थे।