उत्तरकाशी। बूचड़खाने की गंदगी तिलोथ पुल के पास गंगा भागीरथी में फेंकते हुए स्थानीय लोगों द्वारा दबोचे गए मीट कारोबारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि सोमवार रात करीब नौ बजे स्थानीय युवकों ने एक व्यक्ति को मारुति वैन में भरकर लाई गई बूचड़खाने की गंदगी तिलोथ पुल के पास गंगा भागीरथी में फेंकते हुए धर दबोचा। इस दौरान विवाद होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मीट कारोबारी मोहम्मद इमरान को हिरासत में लेने के साथ ही बूचड़खाने की गंदगी से लदी मारुति वैन को कब्जे में ले लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने थाना कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले भी तिलोथ पुल के पास गंगा भागीरथी में बूचड़खाने का अवशिष्ट डंप किया हुआ मिला था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने मीट कारोबारी को गंगा भागीरथी में गंदगी फेंकने से रोका तो उसने गाली गलौज करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय युवकों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी इमरान के खिलाफ भादंसं की धारा 504, 506 एवं 277 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने रोष व्याप्त है। कल्पना ठाकुर, राजेंद्र मलूड़ा, दीपक रमोला, विरेंद्र अवस्थी आदि लोगों ने इस घटना पर रोष जताते हुए प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।