पुरोला (उत्तरकाशी)। सड़कों के अधूरे निर्माण और बदहाली पर जनता का गुस्सा अब सड़कों पर फूटने लगा है। मंगलवार को राज्य आंदोलनकारियों ने लोनिवि दफ्तर पर प्रदर्शन कर अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारियों का घेराव किया। आंदोलनकारियों ने चेताया कि जल्द ही सड़कें नहीं सुधारी गईं तो 16 नवंबर से क्रमिक अनशन शुरू करने के साथ ही मोरी-त्यूणी मोटर मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने कहा कि मोरी क्षेत्र में खूनीगाड़-ओडाटा मोटर मार्ग बीते 13 वर्षों से निर्माणाधीन है। इस सड़क पर 12 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी अभी तक यातायात चालू नहीं हो पाया है। सांकरी-जखोल मोटर मार्ग का डामर उखड़ने लगा है। 2014 में स्वीकृत मोरी-सल्ला मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। राइंका आराकोट के भवन की खराब हालत की ओर भी विभाग का ध्यान दिलाया गया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि मांगों के संबंध में कई बार अधिकारियों को बताया गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब जनता आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। प्रदर्शनकारियों में विपिन चौहान, पृथ्वीराज कपूर, जनक सिंह, डा.राजेंद्र राणा, मेघ सिंह, विजयपाल सिंह, चंद्र सिंह, किशोर सिंह आदि शामिल रहे।