उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने मंगलवार को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और त्रुटि संशोधन के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 31 अक्तूबर तक का समय नियत किया गया है।
डीएम ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम की पिछली दीवार पर बने रोशनदान पर मजबूत लोहे की जाली लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह ने बताया कि 1 जनवरी 2019 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले मतदाता 31 अक्तूबर तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इनके अलावा किसी वजह से सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाता भी उक्त तिथि तक अपने नाम दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान नाम, पता आदि त्रुटियों के संशोधन के लिए भी संबंधित मतदेय स्थल के बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर उक्रांद के बीडी मिनान, बीएसपी के भगीरथ शाह, एनपी देवली और सुनील रावत आदि भी मौजूद रहे।