बड़कोट/पुरोला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व स्थानीय ग्रामीणों ने अलग जिले की मांग को लेकर तहसील पर ढोल नगाड़ों के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होेंने सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उधर, रवाईं को अलग जनपद एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने की मांग पर बीते 31 जुलाई से चल रहा धरना आंदोलन रविवार को 34वें दिन भी जारी रहा।
तहसील परिसर में हुई सभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से दूर होने के कारण रवाईं घाटी का आज तक विकास नहीं हो पाया है। ऐसे में अगर पृथक जिला बनाया जाए, तो लोगों को सुविधा होने के साथ ही विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी। पुरोला विधायक राजकुमार ने कहा कि इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी जनता को हरसंभव सहयोग देगी। इसके तहत आगामी 18 सितंबर से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में भी इस मुद्दे को उठाकर ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी। विगत 15 अगस्त से अनशन पर बैठे अव्वल चंद कुमाई ने कहा कि वर्ष 2011 में तत्कालीन भाजपा सरकार ने ही जिला बनाने की घोषणा की थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार अपनी ही घोषणा से पलट रही है। प्रदर्शनकारियों में संजय डोभाल, राजेंद्र राणा, सकलचंद रावत, अतोल रावत, रचना बहुगुणा, अजबीन पंवार, जोगेंद्र सिंह, भरत सिंह, रणवीर रावत, सुरेंद्र पुजारी आदि शामिल थे।