नौगांव। ग्राम प्रधानों ने मनरेगा कार्यों का सोशल ऑडिट करने वाली टीम की कार्यप्रणाली एवं रिपोर्ट में लगाई गई आपत्तियों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने बीडीओ से मुलाकात कर कुशल एवं दक्ष अधिकारियों से ही सोशल ऑडिट कराने की मांग की।
बीते मई में नौगांव प्रखंड के दस गांवों में मनरेगा के तहत हुए कार्यों का सोशल ऑडिट कराया गया था। ऑडिट करने वाली टीम में कई अनियमितताएं बताने के साथ ही विकासखंड स्तर पर हुई जन सुनवाई के दौरान आपत्तियां लगाते हुए ग्राम पंचायतों और मनरेगा कर्मियों पर पेनल्टी भी लगाई थी। उस दौरान भी ग्राम प्रधानों ने सोशल ऑडिट का विरोध किया था। बीते रोज प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष नयन सिंह बर्थवाल के नेतृत्व में प्रधानों ने बीडीओ कमल किशोर पांडेय से मुलाकात की। उन्होंने सोशल ऑडिट टीम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कुशल एवं दक्ष अधिकारियों से ही ऑडिट कराने की मांग की। प्रधानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 31 जुलाई को ब्लाक मुख्यालय पर प्रधानों की बैठक बुलाई गई है। इस मौके पर भगवत सेमवाल, चंद्रमोहन बडोनी, सुभाष जगूड़ी आदि मौजूद रहे।