बड़कोट। निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं करने पर लोनिवि के ठेकेदारों ने ईई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने एक सप्ताह में मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
ईई कार्यालय पहुंचे ठेकेदारों ने प्रदर्शन किया और वर्ष 2017 में अनुबंधों के तहत किए गए कार्यों का अभी तक भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई। ठेकेदारों ने कहा कि अधीक्षण अभियंता के निर्देशों के बावजूद ईई बड़कोट की ओर से भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में ठेकेदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। दूसरी ओर ईई जेपी रतूड़ी ने कहा कि उक्त प्रकरण में बिना सार्वजनिक निविदा के ही करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के अनुबंध हुए थे। इसको लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जांच कर चार्जशीट भी दाखिल की गई थी। पूरे प्रकरण में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लंबित है। इस कारण ठेकेदारों का भुगतान निर्णय आने तक नहीं किया जा सकता है। प्रदर्शन करने वालों में मोहन सिल्वाल, परशुराम जगूड़ी, महादेव चमोली और सरदार सिंह आदि शामिल रहे।