उत्तरकाशी। बीते दिनों अरुणाचल प्रदेश में हुए सड़क हादसे में मृत आईटीबीपी के जवान का शव सोमवार को उत्तरकाशी स्थित उनके गांव दिग्थोल लाया गया। यहां पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि दिग्थोल धनारी गांव निवासी अनिल राणा (32) पुत्र शूरवीर सिंह राणा आईटीबीपी 49 बटालियन में शियांग अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। बीते शुक्रवार को वे अपनी बटालियन की ओर से बीस साथी जवानों के साथ सेक्टर मुख्यालय डिब्रूगढ़ असम में आयोजित इंटर बटालियन खेल प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान बशर लिंकाबाई रोड पर पहाड़ी से हुए भूस्खलन में आए पत्थर उनकी बस के ऊपर गिर गए, जिससे चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायल हो गए थे। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अनिल मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
रविवार को उनका शव हवाई जहाज से दिल्ली और फिर सोमवार को दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा दिग्थोल उत्तरकाशी लाया गया। सोमवार को देवीधार के निकट उनके पैतृक घाट पर सैन्य सम्मान के साथ शहीद जवान का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान आईटीबीपी 12वीं वाहिनी के जवानों ने उन्हें सलामी दी। बड़ी संख्या में लोग शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। अंत्येष्टि में शामिल हुए डीएम डा. आशीष चौहान, सीओ मनोज ठाकुर, एसडीएम देवेंद्र नेगी, विजय संतरी, सुरेंद्र पंवार, देवराज राणा सहित कई लोग शामिल हुए। अनिल अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो अबोध बच्चे छोड़ गया है।