उत्तरकाशी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रदेश स्तरीय अभ्यास वर्ग कार्यक्रम के दूसरे दिन युवाओं को विभिन्न रचनात्मक कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने युवाओं को सृजनात्मक एवं दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश हित के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कीर्ति इंटर कालेज में आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम में सोमवार को एबीवीपी से जुड़े 252 युवाओं ने प्रतिभाग किया। इन युवाओं की रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए दीवार लेखन, धन संग्रह, प्रेस नोट लेखन, नुक्कड़ नाटक आदि विषयों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री लक्ष्मण ने युवाओं से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन पूरे देश में सांस्कृतिक, शैक्षिक, सामाजिक आदि विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर रहा है। वहीं दिल्ली के प्रदेश संगठन मंत्री अजय ठाकुर ने कहा कि संगठन धर्म, जाति, दलगत राजनीति आदि भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र हित के लिए कार्य करता है। कार्यक्रम में प्रो. जगत सिंह बिष्ट, सुधीर जोशी, डा. डीके शाही, नवीन पंत, बलराम प्रसाद, विकास जोशी, भान सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।