उत्तरकाशी। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में बेसिक एवं एडवांस कोर्स के दीक्षांत समारोह पर डीएम डा. आशीष चौहान ने प्रशिक्षुओं का बैज अलंकरण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण करियर के साथ ही व्यक्तित्व विकास के लिए भी जरूरी है। इस मौके पर प्रशिक्षुओं ने कोर्स के दौरान हुए अनुभव साझा किए।
बीते करीब एक माह से निम में चल रहा बालिकाओं का बेसिक एवं एडवांस कोर्स शुक्रवार को संपन्न हुआ। दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान के रजिस्ट्रार विशाल रंजन ने बताया कि यह निम में 253वां बेसिक और 159वां एडवांस कोर्स था। बेसिक कोर्स में कुल 82 लड़कियों और एडवांस कोर्स में 36 लड़कियों ने प्रतिभाग किया। इसमें बेल्जियम की के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से पहुंची लड़कियां शामिल हुईं।
समारोह में मुख्य अतिथि शामिल हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने सभी प्रशिक्षुओं का बैज अलंकरण किया। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण आदि साहसिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में मददगार होती हैं। इससे आत्मविश्वास एवं धैर्य आदि गुण विकसित होते हैं। साथ ही इस क्षेत्र में करियर की भी अच्छी संभावनाएं हैं। इस मौके पर निम के प्रभारी प्रधानाचार्य कैप्टन डा. हेमेंद्र सिंह, सीनियर इंस्ट्रक्टर सोबन सिंह भंडारी, जगमोहन सिंह, दशरथ रावत, कुशाल सिंह, गिरीश रणाकोटी, विनोद गुसाईं, शिवराज पंवार आदि मौजूद रहे।