उत्तरकाशी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम सहित जिला मुख्यालय, बड़कोट, चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला आदि स्थानों पर योग किया गया, जिसमें प्रतिदिन योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया गया।
बालिका इंटर कालेज में आयोजित योग शिविर में गंगोत्री विधायक गोपाल रावत एवं यमुनोत्री विधायक केदार रावत ने जनता के साथ योग किया, जबकि जोशियाड़ा बैराज झील में फ्लोटिंग प्लेटफार्म पर डीएम डा. आशीष चौहान के नेतृत्व में कर्मियों ने प्राणायाम किया। योग दिवस पर यमुनोत्री धाम में मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल, विनोद उनियाल, रामसुंदर उनियाल व गंगोत्री धाम में मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश सेमवाल, गणेश सेमवाल, प्रकाश सेमवाल, सतेंद्र सेमवाल सहित देशी-विदेशी तीर्थयात्रियों व पर्यटकों ने योग किया।
आईटीबीपी 12वीं वाहिनी मातली में उप सेनानी बिमलेश नेगी के नेतृत्व में 246 जवानों व 35वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं सीआईजेडब्ल्यू स्कूल महिडांडा में उप महानिरीक्षक हरेंद्र पाल सिंह, डिप्टी कमांडेंट नरेश सैनी सहित अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न आसन किए। संग्राली गांव में कंडार देवता मंदिर परिसर में ग्रामीणों, पुरोला में स्वाभिमान ट्रस्ट के तहत 500 से अधिक लोगों ने निरंकारी सत्संग भवन, में योग किया। जबकि गुंदियाट गांव, आराकोट, सांकरी, हरकीदून, नैटवाड़ आदि स्थानों के विद्यालयों में भी योगाभ्यास किए गए। वहीं चिन्यालीसौड़ के सरस्वती विद्या मंदिर, हिटाणु के मंजीरा देवी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज, नेहरु युवा केंद्र आदि स्थानों में भी योग दिवस मनाया गया।