उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने विधवा कौंरा देवी की बेटी के ऑपरेशन के लिए उसे एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया और जल्द ही हंस फाउंडेशन से भी एक लाख रुपये की मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही मरीज को इलाज के लिए देहरादून ले जाने के लिए वाहन की भी व्यवस्था की।
मातली गांव की विधवा कौंरा देवी की बेटी ललिता (22) के दिल में छेद है। डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी, जिस पर दो लाख रुपये से अधिक का खर्च आना है। कौंरा देवी ने डीएम से मदद की गुहार लगाई। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को व्याधि निधि से उसकी बेटी के उपचार के निर्देश दिए, लेकिन बीपीएल कार्डधारक नहीं होने के कारण ललिता को योजना का लाभ नहीं मिल सका।
कौंरा देवी की दयनीय स्थित को देखते हुए डीएम ने तत्काल रेडक्रास से 50 हजार रुपये की सहायता दिलाई और अपने स्तर से भी 50 हजार रुपये एकत्र कर सोमवार को कौंरा देवी को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया। डीएम ने महिला को हंस फाउंडेशन की ओर से भी एक लाख रुपये की मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने कौंरा देवी की बेटी को इलाज के लिए देहरादून भेजने के लिए वाहन की व्यवस्था भी करायी। इस मौके पर एडीएम पीएल शाह, एसडीएम देवेंद्र नेगी, डा. सुजाता आदि मौजूद रहे।