उत्तरकाशी। पर्यटन नगरी के जोशियाड़ा क्षेत्र में चोक पड़ी नालियां व खस्ताहाल सड़क चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। क्षेत्र के मुख्य मार्ग में बने गड्ढों से दुपहिया वाहन चालक आए दिन चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों व व्यापारियों ने शीघ्र समस्या के निराकरण की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य संतोष नौटियाल, कमल जोशी, अभिषेक गुसाईं, अरविंद चमोली, प्रदीप सिंह आदि ने कहा कि मुख्य मार्ग में जगह-जगह बने गड्ढों व सड़क से निकल रहे सरियों से हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। वहीं नालियां चोक होने से गंदा पानी और कूड़ा सड़कों में बिखरा पड़ा रहता है। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार बताया जा चुका है, लेकिन समस्या हल नहीं हो रही है। उन्होंने जल्द कोई कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।