उत्तरकाशी। दशकों बाद भी गांव की सड़क का निर्माण नहीं होने से निराश पोखरीवासियों ने यज्ञ कर भगवान से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि की कामना की। बीते 108 दिन से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने सरकारी तंत्र पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सड़क की मांग की।
निम बैंड से पोखरी गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर पोखरी के ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन मामला एनजीटी में चले जाने के बाद से ग्रामीणों की उम्मीद धूमिल होने लगी है। इसके चलते धरनेढ के 108वें दिन ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों पर मामले को लटकाने व एनजीटी में सही से पैरवी नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों एवं तमाम स्वीकृतियों के बावजूद सरकारी तंत्र सड़क निर्माण को लेकर आनाकानी करता रहा है। प्रशासन की इसी सुस्ती के चलते मामला एनजीटी में चला गया है और गांव को 800 मीटर सड़क नसीब नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर एनजीटी में मामले का सकारात्मक निस्तारण नहीं कराया गया, तो उन्हें मजबूरन प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध उग्र आंदोलन करना पड़ेगा। इस मौके पर बलवीर कैंतुरा, नारायणी देवी, विक्रम नेगी, कुलदीप नेगी, शाकंभरी देवी, अन्नपूर्णा देवी, शोबना कैंतुरा, किशन राणा, बचन सिंह आदि मौजूद रहे।