उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा के मध्य गंगोत्री क्षेत्र में जारी विद्युत कटौती एवं ऑल वेदर रोड के कटिंग कार्य से हो रही परेशानी को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल में रोष है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष बडोनी ने कहा कि गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन से लेकर अभी तक पूरे गंगा घाटी क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था खस्ताहाल बनी हुई है। घंटों बिजली आपूर्ति बाधित होने से होटल, ढाबा आदि पर्यटन व्यवसायियों सहित तीर्थयात्रियों को परेशानी हो रही है। उधर, बड़ेथी चुंगी क्षेत्र में ऑल वेदर रोड के कटिंग कार्य से रात आठ से सुबह छह बजे तक गंगोत्री हाईवे बंद किया जा रहा है, जिससे यात्री वाहन बाईपास के रास्ते सीधे नेताला आदि गंतव्यों की तरफ जा रहे हैं। इससे जिला मुख्यालय स्थित कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। व्यापारियों ने बड़ेथी चुंगी में चल रहे कार्य को रुकवाने या फिर हाईवे बंद करने का समय रात 10 बजे करने की अपील की। साथ ही ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालो में अजय बडोला, सोबेंद्र कलूड़ा, गिरीश चंद रमोला आदि मौजूद रहे।