नौगांव। नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, जिससे जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सफाई कर्मी क्षेत्र का सारा कूड़ा एकत्र कर मुख्य बाजार स्थित पुल के समीप जमा करते हैं, जहां से कूड़ा वाहन द्वारा सारा कचरा उठाकर बड़कोट स्थित डंपिंग जोन में भेजा जाता है। नगर में कूड़ा नहीं उठने से जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। व्यापारी हरदेव राणा, अर्जुन रावत आदि ने कहा कि कूड़े के ढेर से उठ रही दुर्गंध से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही कूड़ा उठान को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर पंचायत के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।