चिन्यालीसौड़। ब्लॉक प्रमुख और नव नियुक्त खंड विकास अधिकारी के बीच तालमेल की कमी के चलते बुधवार को आयोजित बीडीसी बैठक भारी विवादों के बीच अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच ब्लाक प्रमुख एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने एक सप्ताह के भीतर बीडीओ का स्थानांतरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं बीडीओ ने प्रमुख पर धमकाने का आरोप लगाते हुए बेवजह विवाद करने की बात कही है।
बुधवार को विकासखंड सभागार में आयोजित बीडीसी की त्रैमासिक बैठक शुरू होते ही ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र रावत ने बीडीओ पर तानाशाही करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नव नियुक्त बीडीओ जनहित के कार्यों को करने के बजाए जनप्रतिनिधियों पर अपने अधिकारी होने का रौब जमा रहीं हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों का समर्थन मांगते हुए बीडीओ का ट्रांसफर होने तक बैठक स्थगित करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर बीडीओ का स्थानांतरण नहीं किया गया, तो सभी पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा विकासखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच बैठक में मौजूद सीडीओ विनीत कुमार ने आपसी समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन सभी प्रतिनिधि अपनी मांग पर अड़े रहे।
उधर, बीडीओ श्रुति वत्स ने बताया कि दो सप्ताह पहले ब्लॉक प्रमुख ने उन्हें फोन कर अपने चेंबर में बुलाया था। इस दौरान उन्होंने अपने पद का रौब जमाते हुए धमकाने का प्रयास किया, जो मुझे अच्छा नहीं लगा। मैंने कहा कि अभी मेरे पास फरियादी बैठे हैं, इसलिए विवाद किए बिना मुझे कार्य करने दिया जाए। लेकिन प्रमुख द्वारा मामले को बेवजह तूल देकर विकास कार्यों को प्रभावित किया जा रहा है।