उत्तरकाशी। जिला प्रशासन ने 14 अप्रैल से 5 मई तक चलाए जाने वाले ग्राम स्वराज अभियान को सफल बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसके तहत 14 अप्रैल को सामाजिक न्याय दिवस, 18 को स्वच्छता दिवस, 20 को उज्ज्वला दिवस, 24 को पंचायती राज दिवस, 28 को ग्राम स्वराज दिवस, 30 अप्रैल को आयुष्मान भारत दिवस तथा दो मई को किसान कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम स्तर पर इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में हुई बैठक में डीएम डा. आशीष चौहान ने बताया कि 22 दिन तक चलने वाले अभियान के दौरान समाज कल्याण विभाग पेंशन से वंचित पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत करेगा। इस दौरान आधार कार्ड भी बनाए जाएंगे। आयुष्मान दिवस पर सभी गर्भवती महिलाओं को चिह्नित किया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ विनीत कुमार, प्रेमलाल, वीणा त्रिपाठी, गौरव सकलानी, चमन सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।