उत्तरकाशी। ग्राम पंचायत पटारा के ग्रामीणों की ओर से ऑल वेदर रोड के लिए अधिकृत की गई भूमि का सही प्रतिकर नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूर्व में तय एक लाख 61 हजार रुपये प्रति नाली के हिसाब से प्रतिकर देने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने सहित अधिकृत भूमि को वापस लेने की चेतावनी दी है।
पटारा गांव के सुधीर सिंह नेगी ने बताया कि वर्ष 2015 में धरासू-नालूपानी के समीप गंगोत्री हाईवे का चौड़ीकरण करने के लिए क्षेत्र के करीब 80 ग्रामीणों की कृषि भूमि अधिकृत की गई थी, जिसके बदले प्रशासन की ओर से एक लाख 61 हजार रुपये प्रति नाली के हिसाब से प्रतिकर देने की बात कही गई थी। इस दौरान प्रशासन ने ग्रामीणों से भूमि पर खेती एवं भवन निर्माण आदि कार्य नहीं करने के आदेश भी दिए थे। इस बीच ऑल वेदर रोड परियोजना शुरू होने के चलते प्रशासन ने भूमि का चौगुना प्रतिकर देने की बात कही, लेकिन अब प्रशासन अधिकृत भूमि को बंजर बताकर मात्र 32 हजार रुपये प्रति नाली के हिसाब से प्रतिकर देने की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि चौगुना प्रतिकर देने का भरोसा देने के बाद अब मात्र 32 हजार रुपये प्रति नाली देने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन देने वालों में राहुल सिंह, खुशपाल सिंह, भूप सिंह, विरेंद्र सिंह, शिव सिंह, सुरजीत सिंह, जयवीर सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे।