उत्तरकाशी। जिलास्तरीय उद्योग मित्र समिति की बैठक में डीएम डा. आशीष चौहान ने जनपद में लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से उद्यमियों को हरसंभव सहयोग मुहैया कराने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने उद्यमियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं। गंगोरी निवासी उत्तम सिंह रावत की ओर से गणेशपुर औद्योगिक आस्थान में विद्युत केबल संबंधी समस्या पर डीएम ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने हथकरघा में औंगी गांव के विजय सिंह की ओर से तैयार ऊनी पंखी को प्रथम और वीरपुर डुंडा की सुनैना देवी द्वारा तैयार ऊनी शॉल को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया। हस्तशिल्प में हलना नौगांव के विनोद कुमार की ओर से रिंगाल से तैयार मंदिर प्रथम तथा कुमोला रोड पुरोला निवासी चैन सिंह द्वारा तैयार लकड़ी का मंदिर द्वितीय स्थान पर रहा। लघु उद्योग में नौगांव की युवा हिमालय फूड प्रोसेसिंग यूनिट ने पहला और ज्ञानसू उत्तरकाशी के उनियाल डिब्बा उद्योग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर सीडीओ विनीत कुमार, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक जीएम बहुगुणा, पूर्ति अधिकारी गोपाल मटूड़ा, दिनेश भट्ट आदि मौजूद रहे।