उत्तरकाशी। स्वीकृति के तीन साल बाद भी माज्यासारी-भिनौली-जोखाणी मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। डीएम से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण नहीं होने देवीधार में गंगोत्री हाईवे पर चक्काजाम की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को धनारी क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि वर्ष 2014 में माज्यासारी से भिनौली होते हुए जोखाणी तक छह किमी सड़क स्वीकृत हुई थी। सड़क के लिए 1.38 करोड़ रुपये बजट भी स्वीकृत हुआ था। सड़क के बनने से क्षेत्र के माज्यासारी, भालसी, नालागर, भिनौली एवं जोखाणी गांवों की जनता को फायदा मिलना था। तीन साल बीतने के बाद भी सड़क का काम तो दूर लोनिवि ने इसकी निविदा भी नहीं कराई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर लोनिवि द्वारा लिखित आश्वासन नहीं दिया गया और निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो वे देवीधार में गंगोत्री हाईवे पर चक्काजाम करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में गोविंद पोखरियाल, जगमोहन राणा, गंगा प्रसाद भट्ट, पातीराम भट्ट, नवल किशोर, राजेंद्र प्रसाद, बुद्धि लाल, पंच लाल, शांति लाल, कृष्णा नौटियाल आदि शामिल थे।