उत्तरकाशी। बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद बर्फ से लकदक हर्षिल गंगोत्री घाटी पर्यटकों को खूब भा रही है। देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पर्यटक प्रकृति का नजारा करने यहां पहुंच रहे हैं। बीते शुक्रवार को हर्षिल गंगोत्री गया दिल्ली के बाइकर्स का दल रविवार को लौट आया, जबकि एक दूसरा दल अभी हर्षिल क्षेत्र में प्रकृति का लुत्फ ले रहा है।
बीते शुक्रवार को राकेश सजवाण के नेतृत्व में दिल्ली के 15 बाइकर्स का दल हर्षिल गंगोत्री क्षेत्र के भ्रमण पर गया था। दल में शामिल दिल्ली से आए राजीव सिंह, धीरज सेमवाल, राम सिंह, कंवलदीप सिंह, हर्षित आदि पर्यटकों ने गंगोत्री में रात्रि विश्राम किया। रविवार को लौटे पर्यटक क्षेत्र के नैसर्गिक सौंदर्य से अभिभूत नजर आए। शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा रवाना किया गया वेयर ईगल्स डेयर का 17 बाइकर्स का दूसरा दल अभी हर्षिल में डेरा डाले हुए है। दल सोमवार को लौटेगा। दल में शामिल वेयर ईगलक्स डेयर के तिलक सोनी एवं उपेंद्र सजवाण ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।