उत्तरकाशी। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने मानपुर पहुंचकर गांव की चौपाल पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की।
बाड़ागड्डी क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक मानपुर गांव पहुंचे। विधायक ने गांव की चौपाल पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गिंडा गांव में पंचायत भवन, मानपुर में कैलापीर मंच के निर्माण, मगरेश्वर में मिलन केंद्र एवं शौचालय निर्माण की घोषणा की। साथ ही उन्होंने गांव के कुछ विकलांग एवं असहाय परिवारों की महिलाओं को आर्थिक सहायता की घोषणा की। ग्रामीणों ने पूर्व में विधायक द्वारा श्री गुरु कैलापीर मंदिर का भव्य निर्माण कराने के लिए उनका आभार जताया। इस मौके पर भटवाड़ी के प्रमुख चंदन पंवार, बालशेखर नौटियाल, राजेंद्र गंगाड़ी, दलवीर चौहान, सुनील गुसाईं, रामानंद भट्ट, आशीष भट्ट, कैलाश नेगी, प्रधान वीना भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वीना नौटियाल, शंभू प्रसाद भट्ट, बिहारीलाल, सुषमा राणा आदि मौजूद रहे।