उत्तरकाशी। मनेरा स्टेडियम में संचालित बालिका फुटबाल छात्रावास की मनीषा पलड़िया और गीता नेगी का चयन राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। 28 जनवरी से कटक उड़ीसा में सीनियर नेशनल बालिका फुटबाल चैंपियनशिप आयोजित होगी।
बीते दो साल से मनेरा स्टेडियम में बालिका फुटबाल छात्रावास संचालित है। इसके माध्यम से फुटबाल के खेल में लड़कियां आगे बढ़ रही हैं। हाल ही में हुई राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में छात्रावास की जूनियर टीम चैंपियन बनी थी। इसी जनवरी में हल्द्वानी में हुई सीनियर वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में सीनियर बालिकाओं की टीम ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बेहतरीन खेल के बूते मनेरा छात्रावास की मनीषा पलड़िया और गीता नेगी का चयन राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हल्द्वानी निवासी मनीषा वर्तमान में पीजी कालेज उत्तरकाशी में अध्ययनरत है, जबकि अल्मोड़ा निवासी गीता बालिका इंटर कालेज उत्तरकाशी की छात्रा है। डिप्टी कलक्टर जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुराग आर्या, उपक्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, खेल प्रशिक्षक निधि, ऊषा, कविता, प्रभाकर, राकेश, प्रशांत जितेंद्र आदि ने इन खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी आर्या ने बताया कि छात्राएं 28 जनवरी से कटक उड़ीसा में आयोजित सीनियर नेशनल बालिका फुटबाल चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।