उत्तरकाशी। जिला पंचायत ने हर साल मकर संक्रांति पर होने वाले पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट का थौलु) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार माघ मेला को भव्य रूप देने के लिए बैठक कर प्रबुद्ध लोगों से आवश्यक सुझाव लिए गए।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा की अध्यक्षता में माघ मेला तैयारी बैठक की गई, जिसमें मेले को भव्य रूप देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव आए। उन्होंने मेले के मद्देनजर गंगा घाटों की मरम्मत, महिलाओं के लिए चैंजिंग रूम तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम का सुझाव दिया। माघ मेला में जिला पंचायत सदस्यों को दो-दो स्टाल आवंटित करने के प्रस्ताव को अधिकांश लोगों ने खारिज किया। जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने कहा कि बीते साल चुनाव आचार संहिता के चलते माघ मेला में कुछ कमियां रह गई थीं। बैठक में कुलदीप बिष्ट, प्रकाश देवनाटा, लक्ष्मण भंडारी, अनीता बिष्ट, सीमा राणा, संतोषी सजवाण, मानेंद्र राणा, शिवरतन रावत, ब्रह्मानंद नौटियाल, उमेश बहुगुणा आदि मौजूद रहे।