उत्तरकाशी। भटवाड़ी में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य जागरूकता, कृषि, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास मेले का शनिवार को समापन हो गया। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार 45 हजार करोड़ के कर्ज में है, लेकिन विकास कार्यों का खाका तैयार कर धीरे-धीरे काम कर रही है।
कृषि मंत्री उनियाल ने गांव में फलदार वृक्ष लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने अखरोट आदि के पेड़ लगाने के लिए कहा। कहा कि सरकार गांव-गांव में फलदार पेड़ लगवाने की योजना पर काम कर रही है। चारधाम मार्ग को सुगम बनाने के लिए ऑल वेदर रोड में करोड़ों लगाए जा रहे हैं। सड़के अच्छी रहेंगी तो यहां चारों धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा।
इस दौरान जौनसारी लोक गायक महेंद्र चौहान एंड पार्टी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। महेंद्र चौहान ने कई जौनसारी गीतों पर प्रस्तुति देकर वहां बैठे दर्शकों की तालियां बटोरी। इस मौके पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी व मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष चंदन सिंह पंवार, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष सुधा गुप्ता, अरविंद बिष्ट, सुरेश चौहान आदि शामिल रहे।
भीड़ जुटाने में छूटे पसीने
भटवाड़ी में आयोजित मेले में आयोजकों को भीड़ जुटाने में पसीने छूट गए। पहले दिन बमुश्किल से आधा पांडाल भर पाया, लेकिन दूसरे दिन पांडाल खाली नजर आया। यही स्थिति समापन के दिन भी नजर आई। शनिवार को समापन पर मंत्री सुबोध उनियाल कार्यक्रम स्थल से 700 मीटर दूर बनाए गए हेलीपैड में करीब एक घंटे पहले पहुंच गए थे। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर भीड़ न जुट पाने के कारण एक घंटा कृषि मंत्री को हेलीपैड पर ही रोका गया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर विधायक पहुंचे, तो बाद में सुबोध उनियाल को लाया गया। दूसरे और तीसरे दिन भीड़ जुटाने के लिए रेश्मा शाह और महेंद्र चौहान लोक गायकों को भी कार्यक्रम में लाया गया, लेकिन आयोजक भीड़ जुटाने मेें पूरी तरह से नाकाम रहे। इसका कारण सबसे ज्यादा प्रचार-प्रसार की कमी रही। साथ ही भटवाड़ी ब्लॉक में अधिकांश प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य कांग्रेस समर्थित है।