नौगांव (उत्तरकाशी)। टिहरी गढ़वाल सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह की ओर से डामटा स्थित उच्चीकृत सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर में अतिरिक्त कक्ष के लिए पांच लाख, शिशु मंदिर में अतिरिक्त कक्ष के लिए एक लाख तथा कंडारी गांव स्थित मंदिर प्रांगण के सुंदरीकरण के लिए एक लाख देने की घोषणा की। उन्होंने सांसद निधि से बने अतिरिक्त कक्ष का भी लोकार्पण किया।
दो दिवसीय भ्रमण पर डामटा पहुंची टिहरी सांसद के स्वागत के लिए विद्या मंदिर तथा शिशु मंदिर के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल ने कहा कि जनपद की तीन विधानसभाओं में से पुरोला विधानसभा में ही भाजपा के विधायक नहीं है, इसलिए यहां के विकास कार्यों में ज्यादा सहयोग करने की आवश्यकता है। वहीं, विद्यालय प्रबंधक समिति के व्यवस्थापक चतर सिंह चौहान की ओर से सांसद को विद्यालय की समस्याओं का मांगपत्र सौंपा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष बलदेव चौहान, आनंदी राणा, सरदार राणा, बचन चौहान, ग्राम प्रधान दिनेश चौहान, जगमोहन चंद, मुकेश टम्टा, प्रधानाचार्य सूरत सिंह आदि मौजूद थे।