उत्तरकाशी। खेल महाकुंभ के तहत फुटबॉल मैच के दौरान खिलाड़ियों को बगैर टी शर्ट के मैदान पर उतारने और मैच खिलाने के मामले में डीएम डा. आशीष चौहान ने खंड विकास अधिकारी भटवाड़ी और जिला प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण अधिकारी का जवाब-तलब किया है। इस संबंध में अमर उजाला ने प्रमुखता से 17 नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित की थी।
बता दें कि खेल महाकुंभ के तहत भटवाड़ी ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन मनेरा स्टेडियम में किया जा रहा था, जिसमें 16 नवंबर को मनेरा स्टेडियम में एमडीएस और ऋषिराम शिक्षण संस्थान मनेरा के बीच मैच खेला जाना था। लेकिन जैसे ही दोनों टीमें मैच के लिए मैदान पर उतरी तो दोनों टीमों की ड्रेस एक जैसी थी। आयोजक व निर्णायकों ने किसी एक टीम से बिना टी शर्ट के मैदान पर उतरने को कहा। इसका हल टॉस करके निकाला गया। एमडीएस की टीम टॉस हार गई, तो उनके खिलाड़ियों को बिना टी शर्ट के मैदान पर उतरना पड़ा। पूरा मैच टीम ने बिना टी शर्ट के खेला। अमर उजाला ने इस संबंध में 17 नवंबर को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जिस पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी भटवाड़ी सोबेंद्र सिंह कुमांई और जिला प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी का स्पष्टीकरण तलब किया है।