उत्तरकाशी। प्रदेश प्रधान संगठन 20 नवंबर को राज्य के सभी ब्लॉकों में पंचायती काला दिवस मनाएंगे। प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गिरवीर सिंह परमार ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से 16 नवंबर को हरिद्वार में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह किया गया था, जिसमें मुख्य अतिथि पहुंचे पंचायतीराज मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को अपशब्द कहे। जिसकी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि घोर निंदा करते हैं।
शनिवार को पत्रकार वार्ता में प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष परमार ने कहा कि हरिद्वार में पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान के लिए सरकार ने लाखों का बजट खर्च किया, लेकिन उनके मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों का अपनाम किया है। सरकार की ओर से वहां 13 जिलों के जिलाध्यक्ष, 95 ब्लॉक प्रमुख और 7856 प्रधान आमंत्रित किये गये थे। 10 बजे के कार्यक्रम में पंचायतीराज मंत्री 12 बजे के बाद पहुंचे। इस बीच जब पंचायत प्रतिनिधियों ने पीने के लिए पानी मांगा, तो मंत्री ने कहा कि दो घंटे के अंदर आपको पानी और खाना नहीं मिलेगा तो मर नहीं जाओगे। इस पर जब कुछ प्रतिनिधि इसका विरोध करने लगे तो मैने प्रधान संगठन का अध्यक्ष होने के नाते अपने स्थान से उठकर अपने प्रतिनिधियों से कहा कि आप शांत रहें और इस सम्मेलन का बहिष्कार न करें। अब हमने निर्णय लिया है कि 20 नवंबर को प्रधान संगठन सभी ब्लॉकों में पंचायती काला दिवस मनाएंगे।
इस दौरान प्रधान संगठन उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष धीरज लाल शाह, ब्लॉक अध्यक्ष भटवाड़ी अनिल रावत, सरदार गुलराज सिंह, बिजेंद्र सिंह, रजनी रावत, बीना पंवार आदि शामिल रहे।