उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़। जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ओवर लोडिंग, हेलमेट का प्रयोग न करने तथा नियमों के प्रति अज्ञानता की वजह से इस तरह की दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने 16 से 22 अक्तूबर तक सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम मनाने के आदेश दिए हैं।
पुलिस, एनसीसी एवं वाहन चालकों द्वारा नगर में एक जागरूकता रैली निकाली गई। जिसको जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, सीडीओ विनीत कुमार एवं एसपी ददनपाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उधर, चिन्यालीसौड़ में धरासू थाना द्वारा भी विभिन्न विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यशाला व भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें एसआई विनोद पंवार ने छात्रों को सड़क नियमों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर आरटीओ प्रवर्तन अनिल कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ कुलवंत चैहान, सीओ मनोज कुमार ठाकुर मौजूद थे।