नौगांव (उत्तरकाशी)। नगर पंचायत की समस्याओं को लेकर व्यापारी 24 अक्तूबर को अपने प्रतिष्ठान बंद कर यमुनोत्री हाईवे पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन करेंगे। सहकारी समिति के सभागार में हुई व्यापार मंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। व्यापारियों ने डीएम और एसपी को समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी भेजा।
व्यापारियों ने नगर पंचायत क्षेत्र में तीन माह पहले लगाई गई घटिया गुणवत्ता की एलईडी स्ट्रीट लाइटों की जिलाधिकारी से जांच की मांग की हैं। उनका आरोप है कि तीन माह पहले स्थानीय प्रशासन द्वारा नगर क्षेत्र के सात वार्डों मे सौ स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी, जिनमें अधिकांश लाइटें खराब हो चुकी हैं। व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष जगदीश असवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि नगर पंचायत में पेयजल लाइनों का हाल बुरा है, लीकेज से पानी की बर्बादी हो रही है और जल संस्थान मूकदर्शक बना हुआ है। ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी हो गई है। आए दिन जाम मुसीबत बना हुआ है। नालियां गंदगी से पटी है, बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। व्यापारियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेज कर कार्रवाई की मांग की है। बैठक में जिला महामंत्री कबूल पंवार, महाबीर सिंह, पंकज गुप्ता, सोबत सिंह, रमेश आदि उपस्थित थे।