उत्तरकाशी। डुंडा विकास खंड के ग्रामीणों ने खरवां कस्बे में चल रहे क्रेशर के विरोध में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि क्रेशर के कारण क्षेत्रवासियों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के अंदर इसे बंद कराने कि मांग की है।
सोमवार को डीएम को दिए ज्ञापन में बड़ेथी की प्रधान बबीता परमार ने कहा कि बड़ेथी- कवां मोटर मार्ग के समीप चल रहे क्रेशर से मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को दिक्कत हो रही है। क्रेशर की वजह से यहां हर समय ट्रक व डंपरों सहित शराबियों का तांता लगा रहता है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई न होने पर सड़क जाम कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में अर्जुन सिंह भंडारी, धर्मेंद्र सिंह चौहान, नागेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे।