बड़कोट। ओजरी डबरकोट में हो रहे भूस्खलन के कारण यमुनोत्री हाईवे 16वें दिन भी बंद रहा, जबकि वैकल्पिक मार्ग निर्माण का कार्य भी कई तकनीकी दिक्कतों के कारण पूरा नहीं हो पाया है। इससे परेशान ग्रामीणों ने अब प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने दो अक्तूबर तक मार्ग न बनने की स्थिति में तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
ओजरी के स्लाइड जोन की वजह से राजमार्ग बंद होने के बाद प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग बनाने का निर्णय लिया था, जिसका कार्य लगभग सप्ताहभर पहले शुरू किया गया था। प्रशासन ने तब जल्द ही मार्ग तैयार करने व यातायात सुचारु करने की बात कही थी, लेकिन कई तरह की तकनीकी परेशानियों की वजह से मार्ग का कार्य बाधित हो रहा है। ग्रामीण कमली देवी, मनवीर सिंह, शशिता, चंदना, नारायणु लाल, जयरिया लाल, अनीता राणा आदि ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग न बनने की वजह से वे अपनी फसल बाजार नहीं पहुंचा पा रहे हैं। उधर, एसडीएम मनुज गोयल ने कहा कि प्रशासन की ओर से मार्ग बनाने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है, लेकिन भूस्खलन के खतरे और तकनीकी दिक्कतों की वजह से कार्य बाधित हो रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से संयम बरतने की मांग की है।