चिन्यालीसौड । प्रदेश सरकार का गड्ढा मुक्त सड़क देने का वादा चिन्यालीसौड़ में हवा-हवाई साबित हो रहा है। नगर के मुख्य बाजार की सड़कों पर बने गड्ढे स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। ग्रामीणों द्वारा बीआरओ से कई बार शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
क्षेत्र के बाजार से गुजर रहे गंगोत्री हाइवे पर बने कई गड्ढे दो पहिया चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। दुकानदार कृष्णा नौटियाल, विनोद पंवार, मदन बिजल्वाण, विनोद पुरसोड़ा आदि ने बताया कि खस्ताहाल सड़कों के कारण कई वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। बीआरओ से कई बार अपील करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके बाद हमारे पास आंदोलन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।