उत्तरकाशी। जिलाधिकारी ने जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक की, जिसमें पालिका ईओ के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी बैंकर्स और विभागीय अधिकारियों से साथ बैठक कर जिले के सुदूरवर्ती ब्लॉक मोरी में दीपावली ऋण मेला लगाने के निर्देश दिए हैं, जिससे लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सोमवार देर शाम तक जिलाधिकारी डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि होम ऋण, कार ऋण आदि का लक्ष्य निर्धारित कर सभी बैंकर्स मोरी में दीवाली से पहले दीवाली मेला आयोजित करें, जिससे ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकर्स से कहा कि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष जून तक के लंबित ऋण आवेदन को शीघ्र निस्तारण करें। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि विभाग में आई हुई सभी सरकारी योजनाओं के ऋण संबंधी आवेदन पत्र संबंधित बैंक को अक्तूबर तक उपलब्ध कराएं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन एवं आधार सीडिंग पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अटल पेंशन योजना का प्रतिशत बढ़ाया जाए। बैठक में सीडीओ विनीत कुमार, नाबार्ड के महाप्रबंधक जीएस चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रलंयकरनाथ, मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर, सहायक निदेशक डेरी प्रेमलाल, सहायक निदेशक मत्स्य प्रमोद कुमार शुक्ला, आरसेटी निदेशक सुभाष दीक्षित आदि शामिल रहे।