उत्तरकाशी। जिले में कुछ पुलिस कर्मियों के स्थानांतरण को लेकर मुख्यमंत्री को भेजे गए भाजपा जिलाध्यक्ष का पत्र सोशल मीडिया में वायरल होने पर बृहस्पतिवार को भाजपा के पदाधिकारी डीएम से मिले। इस दौरान उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों ने पत्र वायरल किया है, उन पर कार्रवाई की जाए। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी ने कार्यालय में तैनात एक मुंशी को लाइन हाजिर कर दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पूर्व में जिले में तैनात कुछ पुलिस कर्मियों के तबादले की मांग की थी। जिस पर मुख्यमंत्री के सचिव व डीजीपी ने मामले पर कार्रवाई के लिए एसपी उत्तरकाशी को जांच के लिए पत्र लिखा था। इस बीच 22 अगस्त को यह पत्र किसी पुलिस कर्मी की मिलीभगत से सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इससे सरकार की गोपनीयता भंग हुई है। उन्होंने मामले पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसपी ददन पाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्यालय में तैनात एक मुंशी (सिपाही) को लाइन हाजिर कर दिया है।