उत्तरकाशी। स्वच्छ भारत स्वच्छ उत्तरकाशी मिशन को लेकर डीएम की ओर से शुरू की गई नई पहल कूड़ा लाओ ईनाम पाओ अभियान के तहत बुधवार को साप्ताहिक लक्की ड्रा निकाला गया, जिसमें एक विजेता को एक मोबाइल व दूसरे को पांच सौ रुपये की इनाम राशि दी गई।
बुधवार को जिला सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) को लेकर कूड़ा लाओ ईनाम पाओ अभियान के तहत सप्ताह का पहला लकी ड्रा निकाला गया। डीएम डा. आशीष कुमार की मौजूदगी में पांचवीं कक्षा की संध्या नौटियाल ने लकी ड्रॉ निकाला, जिसमें वार्ड नंबर 4 के शिवम बघियाल का नाम निकला। शिवम को 10 हजार तक मोबाइल ईनाम में दिया जाएगा, जबकि वार्ड नंबर 2 में सबसे अधिक 200 कूपन एकत्रित करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगीता सेमवाल को 500 रुपये इनाम में दिए जाएंगे। इनाम 26 अगस्त को शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के हाथों दिए जाएंगे। हफ्तेभर में नौ वार्ड में चलाए गए अभियान में 623 कूपन एकत्र किए गए, जिसमें लोगों ने करीब साढ़े 13 क्विंटल जैविक व अजैविक कूड़ा एकत्रित किया गया। डीएम ने बताया कि जैविक कूड़े की खाद बनाकर 20 किलो तक के पैकेट बनाकर उत्तरा ब्रांड नाम से बेचे जायेंगे। जबकि अजैविक कूड़े को नष्ट किया जायेगा। इस अभियान के तहत एक किलो जैविक कूड़े पर और 300 ग्राम अजैविक कूड़े पर एक कूपन दिया जायेगा।
इस मौके पर परियोजना प्रबंधक स्वजल रातकेश जखमोला, जिशला कार्यक्रम अधिकारी मोहित चौधरी, ईओ सुशील कुमार कुरील, जगदीश रतूड़ी सहित कई मौजूद थे।