उत्तरकाशी। भटवाड़ी से देहरादून जा रही एक जेसीबी नालूपानी के पास अनियंत्रित होकर दो सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सहायक आपरेटर ने चिन्यालीसौड़ अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं और रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं।
बग्याल खेत निवासी ऑपरेटर खुशपाल (29) पुत्र घनश्याम और आलेंदर (26) पुत्र नत्थी दोनों एक ही गांव के युवक हैं, जो दो माह से भटवाड़ी क्षेत्र में काम कर रहे थे। सोमवार को दोनों जेसीबी को सर्विस के लिए देहरादून लेकर जा रहे थे कि तभी दोपहर में मशीन नालूपानी में अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर खाई में भागीरथी नदी के किनारे गिर गई, जिसमें सवार आपरेटर खुशपाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आलेंदर की अस्पताल जाते हुए मौत हो गई। खुशपाल चाचा व आलेंद्र भतीजा है। खुशपाल की दिसंबर में शादी हुई थी। घटना स्थल पर लोग समय पर पहुंच गए थे, लेकिन खाई में पहुंचने के लिए खड़ी चट्टान होने के कारण पुलिस को उनको रेस्क्यू करने में भारी दिक्कत हुई। धरासू थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार यादव के अनुसार पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।