उत्तरकाशी। गंगोरी-उत्तरों मोटर मार्ग पर डामरीकरण के दो माह बाद ही सड़क कई जगहों पर उधड़ गई है। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र सिंह नेगी ने शनिवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सड़क के मरम्मतीकरण के निर्देश दिए।
गंगोरी से उत्तरों के लिए 6 किमी मोटर मार्ग पर डामर बिछाया जाना था, जिस पर अप्रैल से मई के बीच दो किमी सड़क पर डामर बिछाया गया। लेकिन जून की बरसात में ही दो किमी सड़क पर कई जगहों से डामर उखड़ना शुरू हो गया, जिस पर ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी भटवाड़ी डिविजन की ओर से किए गए कार्य को घटिया गुणवत्ता का बताया। प्रधान उत्तरों सावित्री मखलोगा के अनुसार उन्होंने इस संबंध में भटवाड़ी एसडीएम को बताया। जिस पर शनिवार को भटवाड़ी एसडीएम देवेंद्र नेगी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर पहुुंचे। एसडीएम ने मोटर मार्ग का निरीक्षण कर फिर से सड़क बनाने का आश्वासन दिया। वहीं एसडीएम देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जिन जगहों पर सड़क उधड़ी हैं, वहां पीडब्ल्यूडी को मरम्मतीकरण करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद आगे की सड़क बनाई जाएगी। प्रधान सावित्री मखलोगा ने कहा कि अगर जल्द ही सड़क को अच्छी गुणवत्ता के साथ नहीं बनाया गया, तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। पक्की सड़क न होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस दौरान जगवीर पंवार, सतवीर मखलोगा, महादेव प्रसाद भट्ट, बुद्धि सिंह पंवार आदि शामिल रहे।