जनपद में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षार्थियों की संख्या करीब 1100 कम हुई है। इस वर्ष जनपद में 68 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा होगी। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष तीन परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। परीक्षाओं को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करने के लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है।
जनपद में इस वर्ष 10 हजार 405 परीक्षार्थी उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा में शामिल होंगे। जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रामेंद्र कुुशवाहा ने बताया कि हाईस्कूल में 5603, इंटरमीडिएट में 4802 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इस वर्ष करीब 1100 परीक्षार्थी पिछले वर्ष की अपेक्षा कम हुए हैं। पिछले वर्ष कोविड काल के चलते बोर्ड परीक्षा में सभी परीक्षार्थियों को उत्तीर्ण कर दिया गया था। कोई भी परीक्षार्थी रिपीट नहीं हुआ है। इसलिए इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में गिरावट आई है। कुशवाहा ने बताया कि 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 4 केंद्र संवेदनशील हैं। बताया कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा के लिए जीआईसी सांकरी, गिरिजा इंटर कालेज चिन्यालीसौड़, न्यू सुमन ग्रामर इंटर कालेज बड़कोट नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।