जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। बीते दिनों जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर पुरोला में छह छात्र-छात्राओं समेत कुल 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वर्तमान में जिले में कुल एक्टिव केसों की संख्या 38 पहुंच गई है।
बीते दिनों जवाहर नवोदय विद्यालय धुनगिर पुरोला में 11 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर हड़कंप मच गया। इनमें छह छात्र-छात्राएं व पांच शिक्षक-कर्मचारी शामिल हैं। प्राचार्य पीएस रावत ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों को विद्यालय में ही आइसोलेट किया गया है। साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों समेत ढाई सौ लोगों की सैंपलिंग कराई गई है। सभी पॉजिटिव केस सीएचसी पुरोला के चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
जिला अस्पताल में बनाए गए वॉर रूम में तैनात एसीएमओ डा. बिपुल बिस्वास ने बताया कि रविवार को जिले में कोविड के छह नए केस आए हैं। साथ ही जिले में कुल एक्टिव केसों की संख्या 38 पहुंच गई है। इनमें से 13 को जिला अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है और 22 लोग होम आइसोलेशन में हैं। शेष पांच लोगों को रेफर किया गया है।
422 लोगों को लगा कोरोना टीका
कर्णप्रयाग/थराली। कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत कर्णप्रयाग ब्लॉक के विभिन्न केंद्रों पर 422 लोग टीका लगाने के लिए पहुंचे। उपजिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि रविवार को भटोली में 243, गौचर में 90 और कर्णप्रयाग में 89 लोगों को टीका लगाया गया। कहा कि पिछले चार दिनों में 2300 से अधिक लोगों का टीकाकरण हो चुका है। थराली में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पूनम टम्टा एवं एएनएम विमला शर्मा ने बताया कि 700 से अधिक लोगों को टीका लगाया जा चुका है। संवाद