उत्तराखंड आपदा में पिता की मौत हो जाने पर शव के साथ छह दिन से रामबाड़ा के पास जंगल में फंसे लखनऊ निवासी अनमोल अग्रवाल को शुक्रवार को सेना ने हेलीकाप्टर से निकाला।
शनिवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचा तो उसके मुंह से आवाज नहीं निकल रही थी।
वन संरक्षक मेरठ अतुल अग्रवाल और उनका बेटा अनमोल आपदा में रामबाड़ा के पास स्थित जंगल में फंस गए थे। आपदा में अतुल अग्रवाल की जान चली गई।
अनमोल पिता के शव के साथ छह दिन तक जंगल में फंसा रहा। जबकि अनमोल की मां और बहन जैसे-तैसे गुप्तकाशी तक पहुंच चुके थे।
शनिवार को सेना के हेलीकाप्टर से पूरा परिवार दून पहुंच सका। प्रमुख वन संरक्षक डा. आरबीएस रावत ने बताया कि जंगल के बीच से काफी प्रयास के बाद अनमोल को निकाला गया।
शनिवार शाम अनमोल अपनी मां और बहन के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के स्टेट प्लेन से लखनऊ के लिए रवाना हो गया।