काशीपुर। खुशियों के त्योहार ईद की पूर्व संध्या पर काशीपुर में सड़क हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालने वाले एक व्यक्ति की सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। घर में जहां ईद के पकवानों की तैयारी हो रही थी वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। इससे त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरवरखेड़ा निवासी शकील (42) पुत्र शफीक खान शुक्रवार शाम मजदूरी कर घर लौटे थे। शनिवार को ईद का त्योहार होने पर वह शाम करीब 7:30 बजे पैदल ही बाजार से इफ्तारी और ईद का सामान लेने निकले थे। मुरादाबाद रोड पर सड़क पार करते समय एक बेकाबू बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शकील गंभीर को स्थानीय लोग तुरंत पास के निजी अस्पताल में ले गए जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक सवार भी चोटिल हुआ है जिसका मुरादाबाद रोड स्थित एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पिता का इंतजार कर रहे थे चार मासूम, घर पहुंची मौत की खबर
शकील के घर में शनिवार को ईद की खुशियां मनाई जानी थी। समीर ने बताया कि उसके पिता घर से यह कहकर निकले थे कि वह ईद और इफ्तारी का सामान लेने जा रहे हैं। बच्चे घर पर सेवइयों और पकवानों का इंतजार कर रहे थे लेकिन तभी उनके पिता की मौत की खबर आ गई। शकील अपने पीछे दो बेटे (समीर और अनस) और दो बेटियां (महजबी व साजिया) छोड़ गए हैं। चिकित्सक के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने से शकील की मौत हुई है।