बाजपुर के गांव बन्नाखेड़ा स्थित मंदिर पर आयोजित अपराजिता कार्यक्रम।
- फोटो : amar ujala
अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत आयोजित कार्यक्रम में नशे से दूर रहने और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद करने का संदेश दिया गया।
मंगलवार को गांव बन्नाखेड़ा स्थित श्री मोतिया महादेव शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने प्रतिभाग कर नारी सशक्तीकरण की दिशा में काम करने और बेटियों को शिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया। शिक्षिका प्रवीन शर्मा ने कहा कि समाज में बेटे की चाहत में बेटी को अभिशाप मानकर उन्हें शिक्षा से वंचित रखा जाता रहा है। बन्नाखेड़ा जीआईसी की शिक्षिका इंद्रा बिष्ट, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला देवी और निर्मला पांडे ने शिक्षा के जरिये महिलाओं को मुख्यधारा में जोड़ने पर जोर दिया। बन्नाखेड़ा चौकी प्रभारी सुधाकर जोशी ने नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करने की अपील की। चौकी प्रभारी ने मोबाइल नंबर 9012419411 देकर किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस सहायता देने का भरोसा दिया। कार्यक्रम में माया देवी, जानकी पांडे, लक्ष्मी देवी, प्रवीण शर्मा, विमला देवी, निर्मला पांडे, शशि राणा, ग्राम प्रधान हीरा सिंह, मदन लाल वर्मा, पवन कुमार वर्मा, बसंत पांडे, हरज्ञान सिंह आदि थे।