सितारगंज में महिला की मौत के बाद बिलखते परिजन।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज। अज्ञात वाहन ने दंपति की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति घायल हो गए। जिन्हें नगर के सीएचसी लाया गया। मां के वियोग में तीन बेटों व दो बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया।
नगर के वार्ड संख्या तीन निवासी मंजूर अहमद राजमिस्त्री हैं। बृहस्पतिवार को वह अपनी पत्नी नफीसा (45) के साथ बाइक से सुंदरपुर जिला पीलीभीत (यूपी) में एक रिश्तेदार की मौत में शिरकत करने गए थे। शाम करीब 6:45 बजे वह जैसे ही नगर के इंडेन गैस एजेंसी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए और पत्नी नफीसा के वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत ही दोनों को सीएचसी में दाखिल कराया।
जहां डॉक्टर ने नफीसा के मृत होने की पुष्टि की। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे एसआई धीरेंद्र परिहार व अन्य पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया। जबकि चालक मय वाहन के मौके से फरार हो गया। इसके बाद एसआई परिहार अस्पताल पहुंचे और मामले में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा जाएगा। इधर, हादसे के बाद अस्पताल में लोगों को जमावड़ा लग गया। नगरवासियों ने दुर्घटना कर फरार वाहन का पता लगाकर चालक को तत्काल पकड़ने की मांग की है।