केलाखेड़ा। केलाखेड़ा के गांव रामनगर निवासी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में यूपी के मुरादाबाद में मौत हो गई। मृतका का पति शव को लेकर अपने गांव रामनगर पहुंचा। इस दौरान पहुंचे मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। खबर मिलते ही तहसीलदार जोगा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
केलाखेड़ा के निकटवर्ती गांव रामनगर निवासी सोनू अपनी पत्नी सुमन (27) के साथ यूपी के मुरादाबाद में किराए के मकान में रहता था। सोमवार सुबह सुमन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का पति सोनू शव को लेकर अपने मूल गांव रामनगर लेकर पहुंचा।
सूचना पर मृतका के परिजन भी आ धमके। मृतका के भाई सोनू कुमार, चचेरे भाई राजपाल, तेजपाल, कपिल, मदन सहित अन्य परिजनों ने सुमन की हत्या करने की आशंका जताते हुए हंगामा किया। इस पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। हंगामा होने पर एसओ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना एसडीएम एपी वाजपेयी को दी
एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार जोगा सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। तहसीलदार ने पंचनामा भरवाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि सोनू की शादी छह साल पहले यूपी के गांव मेदनीपुर थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद निवासी सुमन के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद सोनू अपनी पत्नी सुमन के साथ यूपी के मुरादाबाद में किराए का मकान लेकर जीवन ज्ञापन कर रहा था।
इधर, थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पंचायत नामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई घटनास्थल जिला मुरादाबाद के संबंधित थाने से होगी। मृतका की चार वर्षीय बेटी राधिका है।