खटीमा में पति के साथ स्कूटी से टनकपुर जा रही आलावृदि निवासी देवकी देवी (58) को नौगवांनाथ के पास तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति मोहन चंद गंभीर रूप से घायल है।
आलावृदि निवासी मोहन चंद मंगलवार सुबह पत्नी देवकी देवी (58) के साथ स्कूटी से सैलानीगोठ (टनकपुर) जा रहे थे। नौगवांनाथ के पास सामने से आए मिट्टी से तेज रफ्तार लदे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी महिला को डंपर ने कुचल दिया और घिसटते कुछ दूरी तक ले गया। इससे देवकी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
भयावह दुर्घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर डंपर को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कर दिया। घायल मोहन चंद को खटीमा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि देवकी का एक बेटा और एक बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। मोहन चंद खटीमा स्थित एक फैक्टरी से कुछ साल पूर्व सेवानिवृत हुए हैं।
खनन वाहनों से बढ़ रहीं घटनाएं
चकरपुर क्षेत्र में खनन वाहन दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि महतगांव और बिचपुरी से नौगवानांथ होते हुए बिरिया मझोला व देवरी जा रहे खनन वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार को नौगवांनाथ गांव के पास महिला की मौत की वजह भी खनन वाहन ही बना। इससे ग्रामीणों से रोष व्याप्त है।