सितारगंज। टाइपिंग सेंटर पर तलाकनामा लिखाने आई युवती को उसका पति वैन में डालकर उठा ले गया। नगर में युवती के अपहरण की अफवाह से हड़कंप मच गया। दोनों के बीच एक साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी मौजूद थे। घटना से पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। मामला दंपति के बीच विवाद का निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
विडौरा मझोला निवासी एक युवक की चार साल पहले शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति और पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। मंगलवार को ग्राम प्रधान जरनैल सिंह की मौजूदगी में दोनों के बीच तलाक की शर्त पर सहमति बनी। इस पर प्रधान के साथ दोनों पक्ष नगर के एक टाइपिंग सेंटर पर तलाकनामा लिखाने आए थे। यहां युवक अपनी पत्नी को उसके मायके पक्ष के लोगों के सामने ही वैन में डालकर ले गया।
युवती को जबरन वैन में डालकर ले जाने से नगर में उसके अपहरण की अफवाह फैल गई। टाइपिंग सेंटर के सामने नगरवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोतवाली पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए। एसआई हिमानी चौधरी मय पुलिस बल के मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
मामला दंपति के बीच विवाद का निकलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। कोतवाल बीएस भाकुनी ने बताया कि दंपति के बीच एक साल से विवाद चल रहा है। दोनों एक-दूसरे से अलग रहना चाहते हैं। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
काशीपुर। कुंडेश्वरी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत कर कहा कि उसकी पुत्र का विवाह सात माह पूर्व मेरठ निवासी युवक से हुआ लेकिन एक लाख रुपये और बाइक की मांग को लेकर उसके ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंधक बनाकर पीटना शुरू किया।
तब उसकी पुत्री ने महिला हेल्पलाइन काशीपुर में शिकायत की तो हेल्पलाइन प्रभारी के सामने विवाहिता के पति ने आगे से परेशान न करने का वायदा किया। लड़की के ससुराल वाले नहीं बदले और उन्होंने फिर से उत्पीड़न शुरू किया। फिर से लड़की ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत की।