पंतनगर। स्टेडियम रोड पर बाइकों की भिड़ंत में एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि दो छात्र घायल हो गए। मृत स्वच्छक पिंटू वाल्मीकि (35) पंतनगर विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग में कार्यरत था। वह ट्रेड यूनियन महासंघ के उपाध्यक्ष मनोहर लाल वाल्मीकि के साथ बाइक यूके 06एके1231 से नगला से पंतनगर की तरफ आ रहा था। बाइक मनोहर चला रहा था। चकफेरी नदी के पास बाइक की किक गिर गई।
किक उठाने के लिए मनोहर ने बाइक रोकी तो पीछे बैठा पिंटू स्टेप्नी उठाने के लिए झुक गया। इसी बीच पीछे से तेजी से आ रही बाइक यूपी27क्यू6450 ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से पिंटू वाल्मीकि गंभीर रूप से घायल हो गया। पंतनगर में प्राथमिक उपचार कराने के बाद परिजन उसे बरेली के राममूर्ति मेडिकल कॉलेज ले गए। राममूर्ति में उपचार के दौरान पिंटू ने दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र, एक पुत्री छोड़ गया है।
पंतनगर विवि के सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि टक्कर मारने वाली बाइक यूपी27क्यू6450 पंतनगर विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रहा सीबी वन हॉस्टल का छात्र हिमांशु वर्मा चला रहा था। उसके पीछे इसी हॉस्टल का पीएचडी का छात्र दीपक चौधरी बैठा था। टक्कर में हिमांशु की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
हिमांशु, उसके साथी दीपक को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों छात्रों को हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में मनोहर लाल के पैर में भी मामूली चोट आई। मनोहर लाल ने घटना की लिखित सूचना पुलिस, सुरक्षाधिकारी को देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षतिग्रस्त बाइक पंतनगर विवि के सुरक्षा विभाग के कब्जे में है।
काशीपुर। रामनगर मार्ग पर टैंपो और बोलेरो की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसका पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। सोमवार शाम व्हाइट हाउस कॉलोनी के सामने टेंपो और बोलेरो की टक्कर हो गई थी। इसमें चालक सहित 13 लोग घायल हो गए थे।
घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ग्राम धनौरी प्रतापपुर निवासी नरेश सिंह (40) पुत्र भुक्कन सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे रामनगर रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां पर इलाज के दौरान मंगलवार देर शाम उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिवार में पत्नी और पांच पुत्र हैं।