पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य वीपी सिंह ने तहरीर में बताया कि सत्र 2022-23 में पॉलीटेक्निक में कार्यरत तत्कालीन मैकेनिकल प्रवक्ता सचिन सक्सेना सह उप नियंत्रक थे। आवंटित कार्य के साथ-साथ उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी किया था। तब सचिन सक्सेना पर अपने भाई नितिन सक्सेना की कॉपी में मूल्यांकन कार्य में छेड़छाड़ का आरोप लगा था।
इस पर जांच समिति गठित की गई। विभागीय आंतरिक जांच समिति की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर इसकी पुष्टि हुई कि शीतकालीन सेमेस्टर परीक्षा-2022-23 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में सचिन सक्सेना ने मैकेनिकल के पांचवें सेमेस्टर के छात्र अपने भाई नितिन सक्सेना को अनुचित लाभ पहुंचाया है। शिक्षक सचिन सक्सेना की तैनाती गोपेश्वर में है। इस समय वह निदेशालय में संबद्ध हैं।
शिक्षक ने निराधार बताए आरोप
सचिन सक्सेना का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। जिस छात्र को लाभ पहुंचाने का आरोप है उसकी परीक्षा रद्द कर दी गई थी। बाद में उसकी दो बार परीक्षा ली गई और वह उसमें उत्तीर्ण भी हो चुका है। मुकदमे के संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है।
Iप्रधानाचार्य की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अनुषा बडोला, सीओI